
बिलासपुर। विस्थापितों की बहुलता वाले बिलासपुर शहर में मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने को सरकार गंभीर हो गई है। शहर के रौड़ा सेक्टर में करीब एक करोड़ रुपए की लागत से नई पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। हर वार्ड में चिल्ड्रन पार्क और फुटपाथ की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी। निहाल सेक्टर में 28 लाख रुपए की लागत से निर्मित लोनिवि यांत्रिक मंडल के भवन का उद्घाटन करने के बाद विधायक बंबर ठाकुर ने यह ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में इंजीनियरिंग कालेज के शिलान्यास की घोषणाएं नेताओं के भाषणों तथा अखबारों तक ही सीमित रही। वर्तमान सरकार ने इसके लिए बजट का प्रावधान किया गया है। पूरी तरह से बजट मिलने के बाद ही इसका शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिलासपुर शहर के सभी वार्डों का सुधारीकरण किया जाएगा। सभी पार्कों को एसीसी के माध्यम से सुधारा जाएगा। शहर को हराभरा बनाने के लिए पौधरोपण किया जाएगा तथा पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए जाएंगे। शहर के सुधारीकरण के साथ-साथ सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। बिलासपुर में अल्टरनेटिव डिस्पूयट रेजुलेशन सेंटर भवन के निर्माण के लिए 60 लाख स्वीकृत हुए हैं। र्साइं होस्टल की मरम्मत के लिए 17.39 लाख, ओपन एयर जेल की बैरक के निर्माण के लिए 34.15 लाख व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उपायुक्त कार्यालय भवन की मरम्मत के लिए 25 लाख, सदर चुनाव क्षेत्र में सड़कों के नवीनीकरण के लिए 3.08 करोड़ तथा नाबार्ड अनुसूचित जाति, जनजाति उपयोजना के तहत सदर चुनाव क्षेत्र में 4.58 करोड़ व्यय किए जाएंगे। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग आरके वर्मा, अधिशासी अभियंता सीएल गुप्ता, एसडीओ रमेश सिंह, भाग सिंह के अतिरिक्त विभागीय अधिकारी तथा कर्मचारी भी उपस्थित थे।
