
शाहतलाई (बिलासपुर)। सूबे में तो हर पंचायत में ही समस्याओं की भरमार है। यदि किसी विधायक की गृह पंचायत के लोगों को ही समस्या उठानी पड़ी तो हर किसी को हैरानी ही होगी। ऐसा मामला झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिखी राम कौंडल की गृह पंचायत में है। राशनकार्ड नहीं बनने के कारण विधायक की पंचायत के लोग ही समस्या से जूझ रहे हैं।
इस पंचायत में अभी तक नए राशनकार्ड नहीं बन पाए हैं। जब संबधित पंचायत द्वारा नए राशनकार्ड के लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय पैसे जमा करवा दिए थे। जानकारी के अनुसार संबधित पंचायत द्वारा मार्च माह में नए राशनकार्ड प्राप्त करने के लिए अपने पैसे जमा करवा दिए थे। इसके बावजूद भी अभी तक पंचायत को राशन कार्ड नहीं मिले हैं। जिला की अन्य पंचायतों में नए राशनकार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कुछ एक पंचायत ही बची हुई हैं। इनमें विधायक की पंचायत भी शामिल हैं। राशनकार्ड नहीं बनने के कारण पंचायत के लोगों के कई काम लटक गए हैं। ग्राम पंचायत घराण के प्रधान जगदीश चंद ने कहा कि अभी तक उनकी पंचायत में नए राशनकार्ड बनाने की कापियां नहीं मिली हैं। जिसके चलते पंचायत में लोगों के राशनकार्ड नहीं बन पाए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत द्वारा मार्च माह में पैसे जमा करवा दिए थे।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक शिवराम ने कहा कि झंडूता ब्लाक में घराण सहित अन्य दो पंचायतों के राशनकार्ड आना बाकी हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय निदेशालय द्वारा जल्द ही इन पंचायतों में राशनकार्ड उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
