
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। औद्योगिक क्षेत्र नगरोटा बगवां में मंगलवार सुबह एक मकान में अचानक आग लगने से तीन व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार संजीव कौशल के घर में मंगलवार सुबह अचानक आग लग जाने से उनकी पत्नी, ससुर तथा वह खुद बुरी तरह से आग में झुलस गए। मकान में अचानक आग लगने से संजीव की पत्नी आरती के कपड़ों में आग लग गई। आरती के चिल्लाने पर उसके पति संजीव उसे बचाने के लिए अंदर दौड़े। आग बुझाते-बुझाते संजीव भी आग की लपटों की चपेट में आ गया। वहीं घर में मौजूद संजीव के ससुर भी आग बुझाते-बुझाते झुलस गए। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। आग में बुरी तरह झुलस चुके आरती, संजीव व उसके ससुर को मौके पर ही स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टीएमसी कांगड़ा रेफर कर दिया गया। आरती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे देर शाम सीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया। जबकि संजीव का टीएमसी कांगड़ा में उपचार चल रहा है। फिलहाल पुलिस में मामला दर्ज नहीं हो पाया है और आग के कारणों का भी कोई पता नहीं चल पाया है।
