
चौपाल (शिमला)। चौपाल उपमंडल के अंतर्गत धार्मिक प्रसिद्ध पर्यटक स्थल चूड़धार में हिमपात के बाद बिजली बहाल नहीं हुई है। गर्मी के मौसम में चूड़धार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चूड़ेश्वर सेवा समिति के सदस्यों ने बोर्ड से बिजली बहाल करने की मांग की है।
चूड़ेश्वर सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष हरिनंद मेहता, सदस्य दिनेश मेहता ने कहा कि जनवरी माह में भारी बर्फ बारी के बाद चूड़ेश्वर में टूटी बिजली की लाइन को अभी तक ठीक नहीं किया गया है। एक महीना पहले से चूड़ेश्वर के लिए श्रद्धालु प्रदेश और प्रदेश के बाहर से भारी मात्रा में पहुंच रहे हैं। बिजली न होने से श्रद्धालुओं व पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हे। सरकार इस स्थान को बार-बार पर्यटन के लिए उभारने के दावे कर चुकी है। आग्रह के बाद भी बोर्ड बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। उन्होंने बिजली बोर्ड के अधिकारियों से आग्रह किया है कि मंदिर में शीघ्र बिजली बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
बिजली बोर्ड चौपाल के एक्सईएन सोहन सिंह राणा का कहना है भारी हिमपात के कारण चूड़धार के लिए बिजली की लाइन टूटी थी। लाइन पहले ठीक नहीं हो सकी। बिजली बहाल करने का कार्य प्रगति पर है। लोगों की भी शिकायत मिली है। जल्दी ही बिजली बहाल कर दी जाएगी।
