बिजली का करंट लगने से व्यक्ति की मौत

शिलाई (सिरमौर) थाना शिलाई की पंचायत क्यारी गुंडाह के एक 48 वर्षीय व्यक्ति की बिजली का करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सोमवार को सुबह करीब 9 बजे सुबह हुआ। इस घटना से पूरी पंचायत में शोक छा गया है। शिलाई पुलिस ने मामला दर्ज कर छान बीन शुरू कर दी है।
सोमवार सुबह गांव गुंडाह निवासी अमर सिंह रोज की तरह घास पत्ती के लिए गांव से थोड़ी दूर गया था। वह पेड़ पर चढ़कर पत्तियां काटने लगा। तभी पेड़ के साथ बनी बिजली की लाइन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीण रतन सिंह, माम राज, उदय सिंह व कपिल का कहना है कि बिजली के करंट ने अमर सिंह को नीचे फेंक दिया। जब वे अमर सिंह के पास पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना शिलाई पुलिस को दी गई।
पंचायत क्यारी गुंडाह के उप प्रधान धनबीर सिंह चौहान ने घटना पर शोक प्रगट करते हुए इस घटना के लिए बिजली बोर्ड को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि मोबाइल टावर के लिए जब से यह लाइन बनी है तब से कई बार बिजली बोर्ड को तारें ऊंची करने को कहा गया था, लेकिन बिजली बोर्ड की लापरवाही से एक जान चली गई। उन्होंने बिजली बोर्ड से मृतक के परिवार को मुआवजा देने की भी मांग की है।
उधर, थाना प्रभारी शिलाई बालक राम चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवा के शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की तफ्तीश जारी है।

Related posts