
शिमला। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के दौरे को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर गाड़ियां पार्क करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अस्थायी व्यवस्था की है। यह व्यवस्था 25 मई तक लागू रहेगी। मनमानी कर सड़क किनारे अगर किसी ने गाड़ी पार्क की तो पुलिस उसे जब्त कर लेगी। गाड़ी मालिक को उसे रिलीज करना होगा। डीएसपी ट्रैफिक पुनीत रघु ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वाहन मालिकों को परेशानी न हो, इसलिए अस्थायी जगह मुहैया करवाई गई है।
राष्ट्रपति भवन रिट्रीट से नवबहार सड़क मार्ग पर रोजाना सैकड़ों वाहन खड़े होते हैं। इन्हें यहां से गाड़ियां हटानी होंगी। ये लोग अपनी गाड़ियां ढली बाईपास रोड पर खड़ी कर सकते हैं। ढली में गाड़ी पार्क करने वालों को भट्टाकुफर की आफर दी गई है। लेकिन यहां पहले से ही स्थानीय लोगों की गाड़ियां खड़ी रहती हैं। कनेड़ी चौक से लेकर एडवांस स्टडी तक भी गाड़ियां खड़ी नहीं हो सकतीं। यहां चौड़ा मैदान से पोस्ट आफिस से आगे वाली सड़क के किनारे गाड़ियां खड़ी कर सकते हैं।
————-
लेकिन यहां तो पहले ही गाड़ियां पार्क होती हैं
जिन सड़कों से गाड़ियों को हटाने के लिए पुलिस कह रही है, उन पर रोजाना करीब पंद्रह सौ से अधिक गाड़ियां खड़ी होती हैं। पुलिस ने गाड़ियों पर वार्निंग स्लिप लगाकर सचेत कर दिया है। लेकिन जो जगह चिह्नित की गई है, वहां पहले से ही गाड़ियां पार्क रहती हैं। अब वाहन मालिक परेशान हैं कि वे अपनी गाड़ियां कहां पार्क करें? गाड़ी चोरी होने का डर भी इन्हें सताने लगा है।
