
शिमला। दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में इलाज के लिए लाए गए पैसों को सिक्योरिटी गार्ड उड़ा ले गया। बाल रोग वार्ड से एक तीमारदार के बैग से पैसे चोरी हो गए। वारदात रात करीब ढाई बजे हुई। चोरी के आरोपी को किसी ने बैग उठाते हुए देख लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर एक सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में ले लिया। इसके पास से चोरी हुए पैसे भी बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सिक्योरिटी गार्ड मधु दत्त शर्मा अर्की बातल का रहने वाला है। इन दिनों यह अस्पताल परिसर में स्टेट बैंक आफ इंडिया के एटीएम में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात है। रात करीब यह ढाई बजे बाल रोग वार्ड में गया। सभी सोए हुए थे। इसी दौरान उसने एक तीमारदार पुष्पा देवी का बैग उठाया और बाहर ले आया। इसमें से 3600 रुपये निकाले और बैग को दोबारा उसी जगह छोड़ आया। लेकिन इस दौरान किसी की आंख खुल गई और उसने आरोपी को देख लिया। उसके जाने के बाद तीमारदार को उठाकर उसने कहा कि कोई यहां बैग छोड़ गया है ऐसा न हो कि इसमें कोई बम हो। अस्पताल परिसर में बनी पुलिस पिकअप को इस बात की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर आकर जब आरोपी का हुलिया जाना तो वह हैरान थे। यह हुलिया सिक्योरिटी गार्ड से काफी मिलता जुलता था। एटीएम और पुलिस पिकअप एक दूसरे के काफी करीब हैं। लिहाजा सिक्योरिटी गार्ड के साथ पुलिस की जान पहचान होना लाजमी है। शक के आधार पर पुलिस वाला उसे बहला फुसला कर वार्ड तक लाया और उसे देखते ही वार्ड में प्रत्यक्षदर्शी ने पहचान लिया। उसी समय उसे हिरासत में ले लिया गया और तलाशी के दौरान चोरी की रकम भी बरामद कर ली गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी तफ्तीश अमल में लाई जा रही है।
