ट्वॉय ट्रेन में अब होगा कपल कोच

हिमाचल की दिलकश वादियों की सैर को जाने वाले कपल (जोड़ों) की सुविधा को देखते हुए रेलवे ऑन डिमांड कपल कोच उपलब्ध करा रहा है।

सैलानी अपनी सुविधा के अनुसार कपल कोच को बुक करवाकर ट्वॉय ट्रेन के सफर का आनंद उठा सकेंगे। इसमें यात्रियों को ब्रेकफास्ट भी उपलब्ध होगा।

चार केबिन वाले इस खास कपल कोच को पहले सीजन के समय शिवालिक डुप्लीकेट में जोड़ा जाता था। एक केबिन का किराया करीब 790 रुपये होता था।

रेल विभाग ने अब यह कोच सुबह 8.30 बजे चलने वाली ट्वॉय ट्रेन के साथ चलाने का निर्णय लिया है।

वहीं, अब कोच में केबिन के हिसाब से टिकट नहीं मिलेगी, बल्कि सैलानियों को पूरे कोच की बुकिंग करवानी होगी और कालका से शिमला जाने के लिए चार हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे।

कोच की दिलकश सजावट और आरामदायक सीटें सफर को सुहाना बनाती हैं।

कालका रेलवे स्टेशन के अधिकारियों के मुताबिक कपल कोच की बुकिंग के लिए लगभग दस दिन पहले आवेदन करना होगा।

उधर, पिछले कुछ दिनों से शिमला जाने वाले सैलानियों की संख्या में काफी तेजी आई है। ‘द हॉली डे स्पेशल ट्रेन’ शुरू करने के बावजूद वेंटिग लिस्ट काफी लंबी चल रही है।

देश भर से आने वाले सैलानियों को कालका पहुंचकर जब ट्वॉय ट्रेन में जगह नहीं मिलती तो वे मजबूरन सड़क मार्ग से शिमला जाते हैं।

अब ऐसे लोगों को भी दस दिन पहले बुकिंग करवाने पर ट्वॉय ट्रेन के कपल कोच का लाभ होगा।

कालका से शिमला के लिए ट्वॉय ट्रेन में कपल कोच ऑन डिमांड लगाया जा रहा है। इसकी बुकिंग इंटरेनट से भी करवाई जा सकती है।
– पीके सांघी, डीआरएम अंबाला डिवीजन

Related posts