तेंदुए के हमले से एक व्यक्ति घायल

गोहर (मंडी)। थुनाग तहसील के अंतर्गत पखरैर गांव में तेंदुए ने एक व्यक्ति परहमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगस्याड़ में भरती किया गया। इस हमले से गांव के लोग काफी भयभीत हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पखरैर गांव निवासी तेजेंद्र ठाकुर पुत्र लुहारू राम बकरी चराने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान तेंदुए ने मैमने पर हमला कर दिया। मैमने को बचाने के लिए तेजेंद्र ठाकुर ने हल्ला किया तो तेंदुए ने उसके ऊपर ही हमला कर दिया। तेंदुए ने तेजेंद्र ठाकुर के सिर, मुंह, कान को बुरी तरह से नोंच डाला। घायल तेजेंद्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगस्याड़ में भरती किया गया। उसे दस टांके लगे हैं। सीएचसी के चिकित्सा अधिकारी डा. अश्वनी ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि तेजेंद्र ठाकुर की हालत खतरे से बाहर है।

Related posts