टैक्सी चालक को घायल करने वाले आरोपी धरे

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना देहरा के अंतर्गत कुछ समय पहले एक टैक्सी चालक को घायल करके उसकी टैक्सी को छीनकर फरार हुए दोनों लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मोबाइल लोकेशन व अपने सूत्रों के जरिये देहरा पुलिस ने दोनों आरोपियों हरजीत सिंह व मुकेश रानी को पंजाब पुलिस के साथ मिलकर कलानूर जिला गुरदासपुर में गिरफ्तार कर लिया। जहां से उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर देहरा लाया गया।
पुलिस ने आरोपियों को देहरा की अदालत में पेश किया। जहां पर उन्हें 23 मई तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। एसएचओ देहरा धर्मपाल ने मामले पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि एक महीना पहले इन दोनों ने पालमपुर से एक टैक्सी किराए पर ली थी। उसके बाद दोनों ने गांव सुनहेत में एक रेस्तरां के पास ड्राइवर के साथ मारपीट की और उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गए। गाड़ी के मालिक ने देहरा पुलिस थाना में मामले की शिकायत लिखवाई। इसके चलते एक माह की छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपियों को उनके घर पंजाब से धर दबोचा।

आईटीआई में स्वरोजगार प्रशिक्षण शुरू
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। विकास खंड देहरा के अंतर्गत 64 पंचायतों के बीपीएल परिवारों के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित करने वाली सरकार की महत्वाकांक्षी कौशल विकास योजना के तहत सोमवार से 20 बेरोजगार युवाओं के लिए आईटीआई परागपुर में प्रशिक्षण शुरू हो गया। बीडीओ देहरा मुनीष शर्मा ने बताया कि खंड देहरा से 300 बेरोजगारों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका सारा खर्चा प्रदेश सरकार वहन करेगी। बीपीएल परिवार का जो भी बेरोजगार इसमें रुचि रखता हो, वह बीडीओ कार्यालय देहरा में आवेदन कर सकता है।

Related posts