
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। परिवहन, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने सोमवार को नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की पंचायत सकौट, लिल्ली, अमतराड़, उस्तेहड़, मूमता, सुनेहड़, बड़ाई, कवाड़ी तथा घोड़व में जन समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि अमतराड़-लिल्ली-मूंदला वाया बेहड़ा बंजर सड़क के निर्माण के लिए चार करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसका निर्माण कार्य शीघ्र ही आरंभ कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त इस सड़क पर दो पुलों का निर्माण भी किया जाएगा। जिससे इस क्षेत्र की पांच पंचायतों के लिए टांडा मेडिकल कालेज की दूरी मात्र 5 किलोमीटर रह जाएगी।
उन्होंने कहा कि 46 लाख रुपए की लागत से समलोटी से सकौट 12 किलोमीटर सड़क की दोबारा टायरिंग करने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। अब तक 70 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने आईपीएच विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह क्षेत्र में खराब पडे़ हैंडपंपों की मरम्मत को तुरंत कदम उठाएं। सरकार द्वारा किसानों को आवारा पशुओं एवं बंदरों से निजात दिलाने के लिए सभी टोल बैरियरों एवं बडे़ पुलों पर फ्लड लाइट तथा सीसीवीटी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश के बाहर से पशुओं को छोड़ने वालों पर नजर रखी जा सके।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस महासचिव मनोज मेहता, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप चौधरी, प्रताप रियाड़, चरित चौधरी, तिलक राज सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
