
पतलीकूहल (कुल्लू)। कांगड़ा बैंक की निदेशक प्रेमलता ठाकुर ने कहा कि जिला मुख्यालयों में बैंक की विशेष शाखाएं खुलेंगी। इसमें तमाम स्टाफ महिलाओं का ही होगा। इस योजना का मकसद महिलाओं को बेहतर से बेहतर सुविधा देना होगा। महिलाएं ऐसे बैंकों में बेझिझक अपने काम करवा सकेंगी तथा इससे महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। यही नहीं बैंक में खाते भी सिर्फ महिला उपभोक्ताओं के ही होंगे।
प्रेमलता ठाकुर सोमवार को कांगड़ा कोआपरेटिव बैंक की वामतट मार्ग पर स्थित लरांकेलो में खुली नई ब्रांच का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। कांगड़ा बैंक की निदेशक प्रेमलता ठाकुर ने रिबन काटकर शाखा का उद्घाटन किया। प्रेमलता ने कहा कि लरांकेलो में बैंक की यह जिला में 21वीं ब्रांच है। जनता से मिल रहे सकारात्मक रिस्पांस के चलते अब पतलीकूहल और पनगां में ब्रांच खोलने की प्रक्रिया चल रही है। इतना ही नहीं महिलाओं को बेहतर बैंकिंग सुविधा देने के मकसद से अब बैंक हर जिला मुख्यालय में महिलाओं के लिए विशेष शाखा खोलने जा रहा है। इसमें कस्टमर के साथ स्टाफ के तौर पर भी सिर्फ महिलाएं ही तैनात होंगी।
सहकारिता क्षेत्र में महिलाओं का रुझान बढ़ाने का श्रेय उन्होंने सत्य प्रकाश ठाकुर को दिया। वहीं किसानों एवं बागवानों के लिए शुरू की गई आकर्षक ऋण योजनाओं के लिए उन्होंने बैंक के चेयरमैन जगदीश सिपहिया का आभार भी जताया। इससे पहले लरांकेलो ब्रांच के मैनेजर हरि सिंह ने फूलमालाएं पहनाकर प्रेमलत ठाकुर का स्वागत किया।
इस मौके पर रायसन ब्रांच के मैनेजर नरेश गौड़, कुल्लू ब्रांच के आफिसर सुभाष ठाकुर, मानसिंह और एजीएम देवीसिंह, यूथ कांग्रेस नेता हीरालाल विभु, देवेंद्र नेगी, प्रधान निर्मला ठाकुर और लालचंद ठाकुर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
