दिग्विजय औक्टा को अध्यक्ष की जिम्मेदारी

रोहड़ू। हिमाचल प्रदेश पशुपालन विभाग वेटरनरी फार्मासिस्ट कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष दिग्विजय औक्टा चुने गए हैं। औक्टा ने अपने प्रतिद्वंद्वी अशोक बेक्टा को पंद्रह मतों से पराजित किया। रविवार को रोहडू एसडीएम कार्यालय सभागार में पशुपालन विभाग कर्मचारी महासंघ के चुनाव राज्य अध्यक्ष सुभाष राणा की अध्यक्षता में हुए। चुनाव में राज्य महासचिव दिनेश नेगी भी विशेष रूप से उपस्थित थे। अध्यक्ष पद के लिए रोहड़ू से दिग्विजय औक्टा, ठियोग से अशोक बेक्टा तथा शिमला से रमेश चंद तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। चुनाव प्रक्रिया में शिमला जिला के करीब 178 कर्मचारियों ने भाग लिया। चुनाव के दौरान दिग्विजय औक्टा को 81, अशोक बेक्टा को 66, जबकि रमेश चंद को तीस मत पड़े। दिग्विजय औक्टा चुनाव प्रक्रिया में 15 मतों से विजयी घोषित हुए हैं। अध्यक्ष पद चुनाव के बाद आम सहमति से रामपुर के भूप देव शर्मा, रोहड़ू से राजेश जनारथा तथा शिमला से प्रोमिला गुप्ता को उपाध्यक्ष चुना गया। हिमाचल प्रदेश वेटरनरी फार्मासिस्ट कर्मचारी महासंघ की रोहड़ू इकाई के अध्यक्ष मनमोहन ठाकुर ने बताया कि चुनाव में पहली बार भारी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए हैं। कार्यकारिणी का विस्तार चुने गए पदाधिकारी करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Related posts