मां-बेटे के बिना कौन विदा करेगा बेटियों को

चंबा। हाई वोल्टेज लाइन के सप्लाई लाइन पर गिरने से बरपे कहर ने पल्यूर गांव के चार घरों में सदा के लिए अंधेरा कर दिया है। हादसे से कुछ समय पहले सायं के समय परिवार वाले अपने बच्चाें के साथ बैठकर हंसी-खुशी के माहौल में गपशप कर रहे थे कि उन पर मौत का कहर टूट पड़ा। इस हादसे का शिकार हुई लांबी देवी शनिवार की शाम अपने पति महेंद्र के साथ बेटियों की शादी को लेकर बातें कर रही थी। इसी दौरान वोल्टेज बढ़ने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। वोल्टेज बढ़ने की बात सुनकर लांबी देवी भी लाइट आफ करने घर की ओर भागी और हाई वोल्टेज के कारण स्विच के साथ फंस गई। इसी दौरान नवीन भी मां को बचाने अंदर गया और करंट की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि लांबी देवी की दो बेटियों की शादी 10 जुलाई को होनी थी। इस तरह बिजली बोर्ड की लापरवाही बेटियों की शादी के सपने संजोए बैठी लांबी देवी और उसके परिवार पर भारी पड़ी।

Related posts