शिक्षण संस्थानों में लगेंगी बायोमीट्रिक मशीनें : जगत

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले के विधायक एवं विस उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने कहा कि जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में बायोमीट्रिक मशीनें लगवाई जाएंगी। इससे स्कूलों में अध्यापकों की उपस्थिति समय पर सुनिश्चित होगी। स्कूलों में अध्यापकों की समय पर उपस्थिति जरूरी है तभी विद्यार्थियों में अनुशासन तथा आदर्श गुण आएंगे। जिले के रोघी गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए विस उपाध्यक्ष ने कहा कि यहां पानी की समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले की हर पंचायत में सिंचाई सुविधा की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इधर, शुदारंग में विधायक ने कहा कि रिकांगपिओ-शिलटी सड़क यातायात के लिए जल्द खोली जाएगी। इस पर यातायात शुरू होने से कड़छम से रिकांगपिओ के लिए करीब दस किमी सफर कम होगा। उन्होंने शुदारंग गांव को सीवरेज से जोड़ने की बात भी कही। रिकांगपिओ बाजार की सीवरेज लाइन को दुरुस्त करने के आदेश विभाग को दिए। शुदारंग में लाडा के तहत रोशनी की व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया।
तांगलिंग स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने स्कूल में बच्चों के बैठने के लिए अतिरिक्त कमरों की व्यवस्था का आश्वासन दिया, जिससे यहां विज्ञान और वाणिज्य संकाय की कक्षाएं शुरू की जा सकें। उन्होंने स्कूल की चहारदीवारी के निर्माण को बजट देने और पेयजल समस्या के समाधान की बात भी की। विधायक ने स्कूल में किन्नर कैलाश पुस्तक का विमोचन भी किया। स्कूल प्रधानाचार्य डीजी नेगी ने विधायक का स्वागत किया और समस्याओं से अवगत कराया।

Related posts