
रोहड़ू। टोड़सा गांव में रविवार दोपहर बाद आग से पांच कमरे जलकर राख हो गए। आगजनी की इस घटना में दो परिवार पूरी तहर बेघर हो गए हैं। घर के भीतर का रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया है। ग्रामीणों तथा दमकल दस्ते के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। आग से लाखों रुपयों के नुकसान का अनुमान है। चिड़गांव तहसील के टोड़सा गांव में रविवार दोपहर बाद करीब तीन बजे प्रेम दत्त तथा विद्या दत्त के घर से आग शुरू हुई। लकड़ी का मकान होने के कारण कुछ ही देर में आग बेकाबू हो गई। आग से घर के भीतर रखा पूरा सामान जल कर राख हो गया। गांव के लोगों ने आग को काबू पाने का लगातार प्रयास किया। भारी प्रयास के बाद आग को आसपास के घरों में फैलने से रोका गया। रोहड़ू से दमकल दस्ते को घटना स्थल पर बुलाया गया। दमकल दस्ते तथा ग्रामीणों के प्रयास से करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। सूचना मिलने के बाद चिड़गांव से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान आग लगने के कारणों का पता नहीं चल रहा है। चिड़गांव के थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस मौके पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दो परिवारों के पांच कमरे अंदर रखे सामान सहित जल गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर रही है।
