गले के आरपार कर दी शराब की बोतल

ठियोग (शिमला)। शराब पीकर एक युवक ने अपने ही साथी की हत्या कर डाली। ये दोनों युवक नेपाल मूल के बताए जा रहे हैं। डीएसपी सागर चंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर आगामी छानबीन की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना ठियोग के अंतर्गत शरमला में एक घर में काम करने वाले दो नेपाली युवक लोक बहादुर और हरका बहादुर शुक्रवार को घर से बाजार सामान लेने गए थे। महौरी बाजार में करीब सांय साढ़े पांच बजे शराब पीकर वे आपस में ही झगड़ गए। आपसी लड़ाई के दौरान लोक बहादुर ने साथ पड़ी शराब की बोतल को तोड़कर अपने साथी हरका बहादुर के गले के आर-पार कर दिया। इससे हरका बहादुर की कुछ ही देर में मौत हो गई। ये दोनों आपस में क्यों झगड़े, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। वारदात को अंजाम देने के बाद लोक बहादुर (42) अपनी करतूत को छिपाने की कोशिश में मौके से भागने लगा। लेकिन, थोड़ी ही देर में हत्या की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और स्थानीय जनता ने लोक बहादुर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्त में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts