
रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल दत्तनगर में शनिवार को युवा संसद का आयोजन किया गया। युवा संसद अध्यक्ष की भूमिका हेड गर्ल निताशा गुप्ता और प्रधानमंत्री की भूमिका हेड ब्वाय चंद्रपाल ने निभाई। जबकि, सुनीता और प्रीतिका ने कैबिनेट मंत्री की भूमिका निभाई। दोनों ने पर्यावरण प्रदूषण समस्या पर प्रकाश डाला और पर्यावरण को संतुलित बनाने पर बल दिया। कैबिनेट मंत्री बनीं प्रीति तथा लीला ने नशाबंदी की समस्या पर प्रकाश डाला। जबकि सुमन और माधुरी ने विद्यार्थी और अनुशासन विषय पर प्रकाश डाला। कैबिनेट मंत्री मोनिका ठाकुर तथा इतेंद्र ने परीक्षाओं में बढ़ती नकल व इस पर रोक लगाने पर बल दिया। कामिनी, ममता, नेहा, दीप्ति, काजल, राकेश, सोनिया, युवराज, मनोज ने विद्यालयों में अनुशासन लागू करने समेत नकल पर अंकुश लगाने जैसे मुद्दों पर मंत्रियों से प्रश्न पूछे और समाधान की मांग की। प्रधानाचार्य कृष्ण सिंह नेगी ने युवा संसद के आयोजन की सराहना की और कहा कि विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर होने चाहिए। हिंदी प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने बताया कि युवा संसद का आयोजन राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता धर्मेंद्र नेगी की देखरेख में किया गया। विद्यालयों के बच्चों ने इसका भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम में बीएड कालेजों के प्रशिक्षु अध्यापक भी शरीक हुए।
