
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के सराहां और आसपास के इलाकों में पर्याप्त पानी न मिलने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सराहां सहित नजदीक के कई इलाकों को बडू साहिब पेयजल योजना से जोड़ा गया है। जो सराहां, बनाहां घिन्नी एवं बजगा पंचायत के करीब 8 हजार लोगों को लाभान्वित करती है। पिछले एक सप्ताह से इस योजना से लोगों को तीसरे दिन पानी मिल रहा है।
सराहां निवासी रमेश शर्मा, धर्मदत्त, सुभाष दत्त, अनिल कुमार, रणबीर सिंह, मोहन दत्त, क्षमा दत्त, सीता राम, अशोक कुमार और प्रवीण शर्मा ने बताया कि एक सप्ताह से यहां पर तीसरे और चौथे दिन पानी की सप्लाई आ रही है। सराहां के एसवीएन कालोनी, बीडीओ कालोनी एवं सराहां बाजार सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं हो रही है। उन्हें हैंडपंप व बावड़ियाें से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। इससे पूर्व उन्हें हर रोज समय पर पानी की सप्लाई दी जा रही थी। इस संबंध में आईपीएच के सहायक अभियंता एमसी सैन ने बताया कि सराहां और आसपास के लोगों को अब प्रतिदिन पानी दिया जाएगा। आने वाले समय में भी लोगों को पानी को लेकर कोई समस्या नहीं उठानी पड़ेगी।
