मंडी लोस उपचुनाव पर किया मंथन

मंडी। मंडी जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक जिलाध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर मंडी लोकसभा उपचुनाव को लेकर चर्चा की गई। बैठक में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकारिणी के सदस्य तथा ब्लाक अध्यक्ष उपस्थित हुए।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर ने कार्यकर्ताआें का आह्वान किया कि लोकसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी की जीत के लिए कमर कस लें। उन्होंने कहा कि मंडी लोस उपचुनाव जून माह के अंत तक हो सकता है। पार्टी से जुड़े हर कार्यकर्ता का कर्त्तव्य बनता है कि वह पार्टी के पक्ष में प्रचार करे। पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी को हर हाल में भारी मतों से विजयी बनाना है। कार्यकर्ता प्रदेश और यूपीए सरकार की नीतियों का प्रचार एवं प्रसार करें, जिससे आम लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंच सके।
बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि पार्टी के हारे हुए प्रत्याशियाें को चेयरमैन अथवा इस तरह के अन्य ओहदे न दिए जाएं। ये पद संगठन से जुडे़ अन्य पदाधिकारी एवं कर्मठ कार्यकर्ता को दिए जाएं। एक अन्य प्रस्ताव में हाईकमान से मांग की गई कि ब्लाक, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों के पहचान पत्र बनाए जाएं। इस अवसर पर प्रताप राणा, मनोहर, टेक चंद, जोगेंद्र गुलेरिया, रमेश ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, नारायण सिंह गुलेरिया, हंस पाल, लेखराज राणा व शंकर सिंह आदि ने भी अपने विचार रखे।

Related posts