समोह में पानी को मची हाहाकार

भगेड़ (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के अंतर्गत ग्राम पंचायत समोह के कई गांव में पानी के लिए हाहाकार मची हुई है। करीब एक सप्ताह के ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति नहीं की गई है। इसके चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। विभाग की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों में प्रताप सिंह, नीम अख्तर, बलवीर, धनीराम, इंद्र सिंह, निक्कू राम, सीता राम, ओम प्रकाश, अमरनाथ, कैप्टन बिहारी लाल सहित अन्य ने कहा कि विजयपुर, हीरापुर, सुकड़ी, अमरपुर, समोह, कसेह, चिहड़ा सहित अन्य गांव के लोग पेयजल आपूर्ति के लिए इधर उधर भटक रहे हैं। विभाग गर्मी के मौसम में जल स्तर गिरने का रोना रो रहा है। उन्हें सीर खड्ड उठाऊ पेयजल योजना से जोड़ा गया है। समोह टैंक से डींगु पेयजल भंडारण में पानी डाला जाता है। इस टैंक की जल भंडारण क्षमता कम होने के कारण समस्या बनी हुई है। विभाग द्वारा इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद नल से पानी की सप्लाई पहुंचती है। वह भी एक बाल्टी से ज्यादा नहीं होती है। यदि जल्द ही समस्या समाधान को ठोस कदम नहीं उठाए गए तो समस्या इससे ज्यादा गंभीर हो जाएगी। उन्होंने संबधित विभाग से मांग की है कि जल्द समस्या का समाधान किया जाए।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग घुमारवीं के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने कहा कि गर्मी के मौसम में जल स्तर गिरने के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है। जल्द ही लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।

Related posts