डुगली स्कूल में एक माह से पानी नहीं

तीसा चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुगली में एक महीने से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे चार सौ के करीब छात्र-छात्राओं को पानी के लिए यहां वहां भटकना पड़ रहा है। इसके अलावा मिड डे मील बनाने में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चूहडू राम ने बताया कि स्कूल में पानी की आपूर्ति ठप होने के कारण समय पर मिड डे मील तैयार नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि मिड डे मील बनाने के लिए एक किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। कु क और स्कूली छात्र पानी ढोने को मजबूर हो रहे हैं। पानी की किल्लत के कारण मिड डे मील ढाई से तीन बजे तक तैयार होता है जबकि नियमों के मुताबिक एक बजे तक मिड डे मील बच्चों को मिल जाना चाहिए। इस बारे सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। इस संदर्भ में आईपीएच विभाग के एसडीओ रवि कुमार महाजन ने बताया कि यह पेयजल लाइन मनरेगा के तहत बिछाई गई है। प्रशासन इस लाइन को आईपीएच विभाग के सुपुर्द करता है तो विभाग की ओर से पानी की सप्लाई दुरुस्त कर दी जाएगी। बीडीओ रती राम का कहना है कि इस पेयजल लाइन को जल्द आईपीएच विभाग के सुपुर्द किया जाएगा।

Related posts