
धर्मशाला। नाबालिग लड़की से दुराचार के मामले में न्यायिक हिरासत में चल रहे अर्धसैनिक बल के जवान की जमानत अर्जी मंजूर हो गई है। अदालत ने 57 दिन के बाद अर्धसैनिक बल के जवान की जमानत मंजूर कर राहत प्रदान की है। आरोपी जवान को इसके लिए दो लाख रुपए बतौर सिक्योरिटी फंड और एक लाख रुपए निजी मुचलके के तौर पर जमा करवाने होंगे। एसएचओ देशराज चंद्रोटिया जमानत मंजूर होने की पुष्टि है।
गौरतलब है कि 18 से 22 मार्च तक पुलिस स्टेडियम धर्मशाला में ऑल इंडिया पुलिस गेम्स का आयोजन हुआ। 22 मार्च को पुलिस खेलों के समापन की आधी रात को पीड़ित नाबालिग लड़की के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अर्धसैनिक बल के जवान को दुराचार के आरोप में गिरफ्तार किया, जिसके उपरांत आरोपी जवान अभी तक हिरासत में ही चल रहा था। पुलिस इस मामले में मेडिकल रिपोर्ट, फोरेंसिक विज्ञान विभाग से प्राप्त रिपोर्ट, टीएमसी में मनोविज्ञानिक तथा एमआरआई टेस्ट की रिपोर्ट अदालत में पेश कर चुकी है।
