
बैजनाथ (कांगड़ा)। वीरवार शाम को आए तेज तूफान के कारण राजिंद्रो पैलेस के समीप और माहलपट्ट में पेड़ गिरने से निचले क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतों में वीरवार रात बिजली गुल रही। शुक्रवार सुबह ही कड़ी मशक्कत के बाद विद्युत कर्मचारी आपूर्ति को बहाल करने में सफल हुए।
ग्यारह केवी लाइन पर दो बड़े पेड़ों के गिरने से निचले क्षेत्र के महाकाल, कुंसल, चौबू, बही सकडी और लंघु गदियाड़ा आदि क्षेत्रों में वीरवार शाम करीब सात बजे से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत विभाग के कर्मचारी देर रात तक आपूर्ति बहाल करने में लगे रहे लेकिन स्टाफ की कमी के कारण आपूर्ति को शुक्रवार सुबह ही बहाल किया जा सका। ऐसे में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं रमेश, तिलक, मनोज, संजय, राम कुमार, अनिल आदि का कहना है कि विभाग में हो रही सेवानिवृत्तियों की तुलना में विभाग में भर्तियां नहीं हो पा रही हैं और पूर्व के वर्षों की अपेक्षा कार्य में बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में स्टाफ की कमी का खमियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
उधर, इस बारे में कुदैल सब डिवीजन के सहायक अभियंता अशोक गुलेरिया ने बताया कि शुक्रवार सुबह आपूर्ति को सुचारु कर दिया गया था।
प्रवक्ता संघ की बैठक कल
बैजनाथ (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश पदोन्नत प्रवक्ता संघ की बैठक 19 मई को रावमा स्कूल बैजनाथ में होगी। संघ की स्थानीय खंड के अध्यक्ष बमधीर सिंह ने बताया कि बैठक में संघ के सदस्यों की समस्याओं पर विचार विमर्श किया जाएगा। उन्होंने समस्त पदोन्नत प्रवक्ताओं से बैठक में उपस्थिति दर्ज करवाने का आग्रह किया है।
