एसएसबी दीक्षांत समारोह में यूपी का दबदबा

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के शमशी स्थित सशस्त्र सीमा बल प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित दीक्षांत परेड समारोह में यूपी के जवानों का दबदबा रहा। समारोह के दौरान सम्मानित किए गए पांच जवानों में से यूपी के चार जवानों को पुरस्कृत किया गया। यूपी के अक्षत शिवाज को ओवर आल बेस्ट के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अक्षत शिवाज निवासी गांव एवं डाकघर कालीना जिला मेरठ यूपी ने परेड कमांडर की भूमिका निभाई। इनके अलावा यूपी के गांव सिघंनापुर, डा. केदारा सदना, जिला उनाओ के गौरी शंकर को आउट डोर खेलों में प्रथम रहने पर पुरस्कृत किया गया।
यूपी के जिला जेपी नगर के डा. जलालपुर के अमित कुमार को बीपीटी में प्रथम रहने पर सम्मानित किया गया। यूपी के ही जिला आगरा, डा. नगला दुलेखन के दुष्यंत को इंडोर गतिविधियों में अव्वल रहने पर पुरस्कार मिला। इसके अलावा 44 दिन के प्रशिक्षण में केरल के एकमात्र जवान ने भी दमखम दिखाया। केरल के अजमल निवास को फायरिंग में प्रथम रहने पर नवाजा गया। सेनानायक संजीव यादव ने बताया कि 539 नव आरक्षी अब नेपाल और भूटान बार्डर पर तैनात होंगे।

नव आरक्षियों में दिखा जोश
कुल्लू। एसएसबी शमशी में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान नव आरक्षियों में भारी जोश देखा गया। जवानों ने जूडो कराटे, रिफ्लेक्स शूटिंग, मास पीटी आदि का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान रिफ्लेक्स शूटिंग में युवाओं ने दुश्मनों के हमले से कैसे बचा जा सकता है के करतब दिखाए। जूडो कराटे के दौरान युवाओं ने टाइलें और ईंटें हाथ से तोड़कर वाहवाही लूटी। इस दौरान उन्होंने बिना हथियार के लड़ने के तरीके भी बताए।

Related posts