
सतौन (सिरमौर)। गिरीपार क्षेत्र के चौकी मृगवाल उच्च विद्यालय का विवाद वीरवार को तीसरे दिन सुलझ गया। इससे पूर्व ग्रामीणों ने शिक्षकों की अनुपस्थिति के चलते स्कूल में ताला जड़ दिया था।
वीरवार को शिक्षा विभाग की ओर से सीनियर सेकेंडरी स्कूल सतौन के प्रधानाचार्य टीएस राजपूत घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ लंबी बैठक कर समस्या को सुलझाया। इसके फौरन बाद ग्रामीणों की देखरेख में ताला खोल दिया गया। प्रधानाचार्य टीएस राजपूत ने बताया कि ग्रामीणों के निरीक्षण के दौरान तीन पीटीए अध्यापक स्कूल से नदारद थे। उनका अवकाश स्कूल में मौजूद था। जबकि एक अन्य रेगुलर अध्यापक घटना के दिन स्कूल में देरी से पहुंचा था। बाद में वीरवार को ग्रामीणों के साथ लिखित आश्वासन के जरिए मामला सुलझाया गया। जिसकी रिपोर्ट बनाकर शिक्षा उप निदेशक नाहन केएस नेगी को भेज दी गई है।
