निजी बसों में आम हो गई ओवरलोडिंग

भराड़ी (बिलासपुर)। जिला बिलासपुर में निजी बस आपरेटरों मनमाने ढंग से नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। ओवरलोड़िंग, प्रेशर हार्न, सवारियों को टिकट न देना, बसों में फर्स्ट एड बाक्स न होना, ओवर स्पीड से चलना निजी बस चालकों के लिए आम सी बात है। इन पर कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
जिला बिलासपुर में निजी बस चालकों द्वारा जिस तरह नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उससे ऐसा लगता है कि मानों इन्हें रोकने वाला कोई न हो। बसों में ओवरलोडिंग करना तो मानो निजी बस चालकों का कर्तव्य बन गया हो। घुमारवीं बस स्टैंड से बस के चलने पर सवारियों के लालच में महज दो या तीन किलो मीटर के लिए ही 25 से 25 मिनट का समय लगा देते हैं। इसके बाद आगे का समय कवर करने को तेज रफ्तार से दौड़ाते हैं। इससे दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। क्षेत्र के लोगों में राजेश कुमार, मदन लाल, अनिल कुमार, बलवंत कुमार, दिनेश कुमार, पवन कुमार, देशराज, पंकज कुमार का कहना है कि दिन प्रतिदिन बेलगाम होते जा रहे ऐसे बस चालकों पर विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके। निजी बसों में तो सवारियों को टिकट भी दिए जा रहे हैं। टिकट मांगने पर परिचालक बहस करने पर उतारू हो जाते हैं।
उधर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कृष्णा नेगी ने कहा कि यातायात नियमों की अवहेलना सहन नहीं की जाएगी। समय-समय पर निजी बसों का निरीक्षण कर कार्रवाई की जाती है।

Related posts