
रामपुर बुशहर। सीपीएस नंदलाल ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों की हालत सुधारने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सड़कों की हालत सुधारने में कोताही बरती गई, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वीरवार को यहां आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि सेब सीजन जल्द शुरू होने वाला है। इसलिए सड़कों के रखरखाव की तरफ विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सेब यहां के लोगों की आजीविका का मुख्य स्रोत है। अगर सेब ढुलाई प्रभावित हुई तो इसका नुकसान उठाना पड़ेगा। बैठक में सीपीएस ने विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को प्राथमिकता से भरने का आश्वासन दिया। उन्होंने परिवहन निगम को बंद पड़े रूटों को बहाल करने और सेवाओं में सुधार लाने को कहा। जबकि, आईपीएच विभाग को पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने कहा कि गर्मी में स्रोत सूखने से जल संकट उभरेगा। इससे लोगों को परेशानी न आए, इसलिए अभी से पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से भी सेवाओं में सुधार लाने को कहा, ताकि मरीजों को उपचार के लिए रामपुर छोड़कर कहीं अन्यत्र न जाना पड़े। बैठक में तहसीलदार रामपुर मुकेश शर्मा, बीडीओ रामपुर सत्येंद्र ठाकुर, एसडीपीओ सुनील नेगी, आबकारी एवं कराधान अधिकारी गोपाल ठाकुर, सीडीपीओ बीएल चौहान, तहसील कल्याण अधिकारी अजय बदरेल समेत बिजली बोर्ड, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, बागवानी विभाग, शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अलावा पंचायत समिति उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर और राजीव ठाकुर मौजूद रहे।
