बिना लाइसेंस स्कूल में वाहन लाने पर रोक

ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुसाड़ा में स्कूल प्रबंधन समिति की नवगठित कार्यकारी परिषद की प्रथम बैठक मंगलवार को समिति के अध्यक्ष जनक राज लट्ठ की अध्यक्षता में हुई। इसमें छात्र हित से जुड़े कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रधानाचार्य राममूर्ति लट्ठ ने बताया कि कार्यकारी परिषद ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करके विद्यार्थियों को स्कूल में मोबाइल फोन लेकर आने पर पाबंदी जारी रखने का निर्णय लिया। समिति का तर्क है कि इससे छात्रों का पढ़ाई से ध्यान बंटता है और उनकी एकाग्रता भंग होती है। यह भी तय किया गया कि छात्रों को स्कूल में बिना वैध लाइसेंस वाहन लेकर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के दृष्टिगत यह फैसला लिया गया कि हर माह के अंतिम पांच दिनों में विद्यार्थियों का एक घंटे का यूनिट टेस्ट लिया जाएगा। कमेटी ने 11वीं कक्षा में छात्रों की लगातार तीसरे वर्ष अधिक संख्या के दृष्टिगत अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता का एक अतिरिक्त पद स्वीकृत करने का सरकार से आग्रह किया तथा विद्यालय में रिक्त चल रहे प्रवक्ता राजनीति शास्त्र, पीईटी एवं वरिष्ठ सहायक के पदों को जल्द भरने की मांग की। विद्यालय प्रशासन ने एसएमसी के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजने एवं उनकी सेहत का ध्यान रखने का आग्रह किया। बैठक में एसएमसी सदस्यों को मध्याह्न भोजन योजना के कार्यान्वयन, अनुश्रवण तथा भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के प्रमुख प्रावधानों से अवगत करवाया गया। समिति के सदस्यों ने 1500 रुपए का अंशदान विद्यार्थी कल्याण कोष में दिया। बैठक में राजेंद्र प्रसाद, कमल देव, जसविंद्र कौर, कमलेश कुमारी, रक्षा देवी, राज कुमारी, रेखा देवी, विशेष आमंत्रित सदस्य सेवानिवृत्त शिक्षक राममूर्ति लट्ठ, प्रवक्ता मुन्नवर सलीम, टीजीटी ऊषा किरण एवं कला अध्यापक धर्म चंद आदि उपस्थित रहे।

Related posts