
रामपुर बुशहर। सीपीएस (स्वास्थ्य) नंदलाल ने कहा कि रामपुर में स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार लाना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों के रिक्त पदों को भरा जाएगा, जिससे कि मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सके। सीपीएस ब्लाक कांग्रेस की ओर से दरबार हाल में आयोजित स्वागत समारोह में बोल रहे थे।
सीपीएस ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह समेत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी के आभार से भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि इन्होंने सीपीएस के रूप में जो जिम्मेवारी सौंपी हैं, इसे बखूबी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि रामपुर समेत अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों के पद रिक्त हैं। इस कारण लोगों को दिक्कतें जरूर आ रही हैं, लेकिन अब लोगों को और परेशान नहीं होना पड़ेगा। बतौर सीपीएस स्वास्थ्य के क्षेत्र को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। रामपुर के हर स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सक समेत सहयोगी स्टाफ के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा।
इससे पहले दरबार पहुंचने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनका ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। इतना ही नहीं बैहरा खड्ड से लेकर रामपुर तक उनके स्वागत में तोरणद्वार सजे थे। वहीं, रामपुर के कर्मचारियों ने सर्किट हाउस में उनका स्वागत किया और उनके सामने मांगें रखी।
