
हमीरपुर। स्थानीय बस अड्डा परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए पंखे खराब होने की वजह से शोपीस बनकर रह गए हैं। वहीं कुछ कनेक्शनों पर तो पंखे ही नहीं हैं। ऐसे में यात्री गर्मी से जूझने को मजबूर हैं। हाल ही में परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बस अड्डा परिसर का औचक निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा को सर्वोपरि रखने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन उस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
जानकारी के अनुसार बस अड्डे में यात्रियों की सुविधा के लिए आठ पंखे लगाए गए हैं, लेकिन इनमें से कुछ खराब पड़े हैं। वहीं कार्यालयों में लगाए गए पंखे बिल्कुल ठीक चलते हैं। यात्री सुनील कुमार, प्रकाश चंद, अरुण, कपिल शर्मा, जोगिंद्र, बबलू, राकेश कुमार, गौरव शर्मा, राहुल कुमार, बरुण, प्रदीप कुमार, रेखा देवी, अमित, रूहान वर्मा, अंकित शर्मा, निखिल, अंश चौधरी, अर्पित चौधरी, नितेश शर्मा, पूनम, कल्याण चंद, कमलेश कुमार आदि ने आरोप लगाया कि गर्मियों में निगम प्रबंधन द्वारा पंखों को नहीं चलाया जाता है। इसको लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अड्डा परिसर के कई कनेक्शनों से तो पंखों को उतार लिया गया है। ऐसे में यात्रियों को गर्मी में तपना पड़ता है। लोगों ने निगम प्रबंधन से मांग की कि बस अड्डा परिसर में बंद पड़े पंखों को चालू किया जाए और खराब पंखों का रिपेयर करवाई जाए।
उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक अवतार सिंह का कहना है कि समस्या उनके ध्यान में है। जल्द ही सभी पंखों को सुचारु कर दिया जाएगा। संबंधित कर्मचारियों को भी पंखे चालू करने के आदेश दे दिए जाएंगे, ताकि यात्रियों को परेशानी से न जूझना पड़े।
