
नालागढ़ (सोलन)। खंभे पर चढ़कर बिजली की मरम्मत कर रहे कर्मचारी की मौत विद्युत बोर्ड की लापरवाही के कारण हुई है। यह आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों ने बिजली बोर्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 10 मई को निचला सौर में विद्युत कर्मी के साथ हादसा पेश आया था। खंभे से गिरकर उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में मृतक के पुत्र दीपराम ने बताया कि उसके पिता वेद प्रकाश निवासी बानली ब्राह्मणा (रामशहर) 10 मई को निचला सौर में बिजली के खंभे पर काम कर रहे थे। उन्होंने बोर्ड पर आरोप जड़ा कि पोल के साथ स्टे वायर नहीं थी। सुरक्षा के उपकरण भी नहीं थे। यदि बोर्ड ने लापरवाही नहीं बरती होती तो उनके पिता की जान बच सकती थी। उन्होंने विद्युत बोर्ड को अपने पिता की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
डीएसपी नालागढ़ सुशील शर्मा ने कहा कि परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने विद्युत बोर्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। जांच के बाद ही तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।
