
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ मुख्यालय में पर्यटन विभाग ने साइन बोर्ड लगाकर जहां शहर की सुंदरता को चार चांद लगाए हैं, वहीं पर्यटकों का नालागढ़ के जरिए हिमाचल में स्वागत टूटी-फूटी सड़कों से हो रहा है। इससे लोग आहत हैं।
नालागढ़ मुख्यालय में नालागढ़-स्वारघाट हाईवे मार्ग पर रामशहर चौक के समीप और नालागढ़-रोपड़ मार्ग पर पुराने छात्र स्कूल के पास बोर्ड स्थापित किए गए हैं।
रविंद्र सिंह ठाकुर, योगेश शर्मा, विजय वर्मा, शिव द्विवेदी, ओम प्रकाश, योगेश शर्मा, विक्रमजीत, हनी सिंह, मोहित, गोपाल राणा, अरविंद राजू, संजीव धीमान का कहना है कि उपमंडल की सड़कों पर वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी दूभर है। धूल से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। पर्यटन विभाग के सहयोग से उपमंडल प्रशासन नालागढ़ शहर के रोपड़, कालका व रामशहर चौक पर 30 लाख रुपये की धनराशि से साइन बोर्ड लगवा रहा है, लेकिन सड़कों की सुध नहीं ली जा रही।
हाईवे अथॉरिटी के अधिशासी अभियंता महेश सिंघल ने कहा कि नालागढ़-स्वारघाट हाईवे और चिकनी पुल के निर्माण कार्य को दो गुना गति से युद्धस्तर पर करवाया जा रहा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसके अत्री ने कहा कि नालागढ़-रोपड़ मार्ग पर पैच वर्क के कार्य को दोगुनी गति से करवाया जाएगा।
जिला पर्यटन अधिकारी राजेश मारिया ने कहा कि पर्यटन विभाग ने बोर्ड तो लगवाए हैं लेकिन सड़कों का कार्य संबंधित विभागों ने पूरा करवाना है।
