पुलिस पूछताछ से तंग आकर की आत्महत्या

गोहर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिवा कुठेहड़ के लापता प्रयोगशाला सहायक मामले में पुलिस पूछताछ से गुजर रहे एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर दी। पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने लिखा है कि उस पर झूठा शक जताया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
सराज क्षेत्र की दुर्गम पंचायत थाना निवासी मृतक हेमराज लोक निर्माण विभाग उपमंडल जंजैहली में बेलदार के पद पर कार्यरत था। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिवा कुठेहड़ के प्रयोगशाला सहायक के लापता होने के मामले में पुलिस हेमराज समेत कुछ अन्य लोगों से पूछताछ कर रही थी। पुलिस सराज निवासी हेमराज को भी अन्य लोगों के साथ पूछताछ के लिए जंजैहली बुला रही थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी पुलिस ने हेमराज को पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन हेमराज अतिथि गृह जंजैहली बायला में चला गया और वहां पर उसने कीटनाशक दवाई गटक ली। हालत खराब होने पर वहां पर तैनात चौकीदार ने उसे देखा और पुलिस चौकी जंजैहली को सूचित किया। इसके बाद गंभीर हालत में हेमराज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जंजैहली ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक हेमराज को नहीं बचा पाए।
पुलिस ने हेमराज को पूछताछ के लिए उस दिन भी तलब कर रखा था, लेकिन चौकी जाने से पहले ही उसने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। इधर, गोहर पुलिस थाना प्रभारी नवीन झालटा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक हेमराज की जेब से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।

Related posts