जांच पूरी होने तक आरोपी प्रशिक्षु सस्पेंड

सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के राजकीय इंजीनियरिंग कालेज में टेक फेस्ट से भाग लेकर अपने आवास को लौट रहे टेक्सटाइल इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षु के साथ मारपीट करने के सभी छह आरोपी छात्रों को कालेज प्रशासन ने सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच के लिए स्टूडेंट वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष अच्छर सिंह की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी की रिपोर्ट आने तक सभी आरोपी कालेज से सस्पेंड रहेंगे। मारपीट में गंभीर रूप से घायल प्रशिक्षु अभी भी नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में उपचाराधीन है। उसके सिर व शरीर के कई भागों में गंभीर चोटें आई हैं। टेक्सटाइल इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष का प्रशिक्षु सुमित ठाकुर शनिवार रात करीब सवा दस बजे कालेज में चल रहे टेक फेस्ट में भाग लेने के बाद परिसर में अपने सहपाठियों के साथ खाना खा रहा था। इस दौरान वहां अंतिम व द्वितीय वर्ष का छात्र दूनी चंद, कमल चंदेल, आशीष, अंकुश कटवाल, राहुल पाठक व प्रवीण कुमार आए तथा उन्होंने सुमित ठाकुर के साथ गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। सुमित ने जब इसका विरोध जताया तो आरोपियों ने उसे पकड़ कर लात-मुक्कों के साथ धुन डाला, जिससे वह घायल हो गया। सुमित के साथ मारपीट करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। विवाद की वजह टेक फेस्ट बताया जा रहा है। आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना सुंदरनगर में मारपीट का मामला दर्ज होने की रिपोर्ट मिलने के बाद प्रबंधन ने आरोपी छात्रों को तलब कर उन्हें कालेज से सस्पेंड करने का फरमान सुना दिया। जांच कमेटी सोमवार से मामले की जांच करेगी। पुलिस ने रविवार को सभी छह आरोपियों को थाने में तलब कर उनसे पूछताछ की। कालेज के निदेशक एवं प्रधानाचार्य डा. आरएल शर्मा ने टेक्सटाइल इंजीनियरिंग प्रशिक्षु के साथ मारपीट करने के सभी छह आरोपियों को सस्पेंड किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए स्टूडेंट वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष अच्छर सिंह की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी एक सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट देगी। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि आरोपी प्रशिक्षुओं से पूछताछ की गई है। मामले की गंभीरता को देख पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Related posts