
बिलासपुर। शहरवासियों को सोमवार को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ सकता है। नोग क्षेत्र में बिजली गुल होने के कारण अलीखड्ड पर आधारित पेयजल योजना से पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है। ऐसे में विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद ही इस योजना से शहर में पानी की आपूर्ति की जा सकेगी।
बिलासपुर शहर के लिए लगभग सवा पांच करोड़ रुपए की लागत से अलीखड्ड पेयजल योजना का निर्माण किया गया है। इसके तहत नोग के पास अलीखड्ड से पानी उठाया जाता है, जिसे कई स्थानों पर बनाए गए भंडारण टैंकों के माध्यम से आगे आपूर्ति किया जाता है। नोग में गत शनिवार शाम से बिजली गुल बताई जा ही है। रविवार दोपहर बाद तक भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। रविवार को पेयजल योजना की मोटरें नहीं चल पाई। पानी लिफ्ट न हो पाने की वजह से योजना के भंडारण टैंक भी खाली हो गए हैं। ऐसे में सोमवार को शहर में पानी आपूर्ति हो पाना मुश्किल ही लग रहा है। लोगाें को पानी की समस्या से जूझना पड़ सकता है।
उधर, आईपीएच के सहायक अभियंता सुखराम चौधरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विद्युत विभाग ने रविवार दोपहर तक बिजली की आपूर्ति बहाल होने की बात कही थी, लेकिन दोपहर बाद तीन बजे तक भी नोग में बिजली नहीं आई थी। ऐसे में मोटरें बंद होने के कारण सोमवार को शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
