
सलूणी चंबा। मैड़ा-डांड मार्ग पर चखड़ी के पास एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इससे कार में सवार मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा दुर्घटना स्थल के नीचे से गुजर रही एक महिला व उसके दो बेटे भी कार की चपेट में आकर जख्मी हो गए हैं। महिला को काफी चोटें लगी हैं, जबकि उसके बेटों को मामूली चोट आई है। महिला को जिला अस्पताल चंबा में भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार साढ़े नौ बजे के करीब आल्टो कार एचपी 47-4706 चखोतर से चखड़ी गांव जा रही थी। इसमें मेहर सिंह पुत्र कावली राम निवासी गांव चखड़ी डाकखाना डाड व उसका भांजा जगदीश चंद पुत्र बैंसू राम गांव चकोतर सवार थे। यह कार मेहर चंद चला रहा था और उसने अपने घर से लगभग पांच-छह सौ मीटर दूर लिंक रोड पर इसे लापरवाही से करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरा दिया। इस कारण कार में सवार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कार की चपेट में आने से दिलो देवी पत्नी अमर सिंह निवासी चखड़ी बुरी तरह से जख्मी हो गई। उसके साथ चल रहे उसके बेटे संजीव कुमार उम्र 12 साल व श्रवण सिंह उम्र 16 को भी मामूली चोट लगी है। दिलो देवी का क्षेत्रीय अस्पताल में ईलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि कार सवार दोनों लोगों क मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि यह हादसा चालक मेहर सिंह की लापरवाही से हुआ है। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 337 व 304ए के तहत मुकद्दमा दर्ज करके मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस ने मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
