
धर्मशाला।कोतवाली बाजार धर्मशाला में बने रेन शेल्टर पर टैक्सी आपरेटर्स का कब्जा है। बारिश और धूप में यहां टैक्सियां रेन शेल्टर के भीतर और मुसाफिर बाहर खड़े होते हैं। नगर परिषद धर्मशाला ने चिरलंबित मांग को देखते हुए मुसाफिरों की सुविधा के लिए हाल ही में यहां रेन शेल्टर का निर्माण करवाया है। लेकिन मुसाफिरों को बारिश और धूप में जगह न मिलने से सुविधा कम जबकि असुविधा ज्यादा हो रही है।
हालांकि रेन शेल्टर के साथ दीवार पर नो पार्किंग का बोर्ड भी चस्पां है। लेकिन बोर्ड को अनदेखा कर यहां टैक्सियां खड़ी हो रही हैं। एचआरटीसी बस स्टैंड बाईपास पर दोनों ओर टैक्सियों के खड़ा रहने से इस मार्ग से गुजरने वाली बसों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आए दिन इस मार्ग पर जाम लगने से यात्रियों और बस चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि अड्डा बाईपास पर ट्रैफिक जाम की समस्या के बारे में आए दिन लोग प्रशासन से समस्या उठाते आए हैं। लेकिन अभी तक समस्या से निजात नहीं मिल पाई। शनिवार और रविवार को धर्मशाला में भारी बारिश के बावजूद टैक्सियां रेन शेल्टर के भीतर और लोग खुले आसमान के नीचे खड़े देखे गए। शहरवासियों सुनील शर्मा, प्रदीप कुमार, अशोक सिंह, विवेक ठाकुर, विरेंद्र शर्मा, राहुल, विनय तथा सुधीर कुमार ने बताया कि अड्डा बाईपास कोतवाली बाजार में रेनशेल्टर यात्रियों की सुविधा के लिए है न कि टैक्सियों के खड़ा करने के लिए। कहा कि प्रशासन और पुलिस विभाग को लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। इसके साथ ही बाईपास पर दोनों ओर खड़ी होने वाली टैक्सियों को उचित जगह उपलब्ध करवाकर ट्रैफिक जाम की समस्या का हल निकालना चाहिए।
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने कहा कि समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
