
ऊना। दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग जान को जोखिम में डालने के बराबर है। मौजूदा दौर में यह युवाओं के लिए फैशन बन गया है। किसी भी जगह जाते-आते एक ही वाहन पर तीन या चार लोगों को बिठाने के मामले में लोग किसी नियम की परवाह नहीं कर रहे हैं, जबकि युवाओं की मानें तो ट्रिपल राइडिंग करते हुए पुलिस कर्मचारियों के सामने से गुजरना उनके लिए कुछ तूफानी करने से कम नहीं है। हालांकि ट्रिपल राइडिंग में हर वर्ग के लोग शामिल हैं। इसमें स्कूल और कालेजों के छात्र सर्वाधिक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं। इनमें से बहुतेरे तो ऐसे हैं जो अभी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के योग्य भी नहीं हुए हैं।
रविवार को ऊना में सुबह से ही रिमझिम बारिश चल रही थी। शहर के रेड लाइट चौक पर होमगार्ड का एक जवान सभी यातायात व्यवस्थाओं को संभाले हुए था। इसी दौरान लगभग साढ़े 11 बजे नंगल की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार करिज्मा बाइक चौक से कुछ पहले रुकी। बाइक पर चार किशोर सवार थे। बाइक चलाने वाले किशोर ने पीछे बैठे तीन किशोरों से कुछ कहा। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि दो किशोरों को उतरकर पैदल चौक क्रास करने के लिए कह रहा हो, ताकि चालान कटने का डर न रहे। जब तीसरे और चौथे नंबर पर बैठे दोनों लड़के नहीं उतरे तो बाइक चला रहे किशोर ने एकाएक बाइक दौड़ाई। इससे पहले कि होमगार्ड जवान पीठ पीछे गुजर रहे युवाओं को देख पाता युवक तेज रफ्तारी में फुर्र हो गए।
वहीं लगभग 12 बजे के करीब रोटरी चौक पर जब अमर उजाला ने दोबारा दस्तक दी तो देखा कि रोजमर्रा की तरह चौक पर तैनात यातायात पुलिस का जवान ही नदारद था। स्थानीय मेन बाजार और बस अड्डा चौक की ओर से ट्रिपल राइडिंग करने वाले लोग बेझिझक वहां से गुजर रहे थे। पुराना बस अड्डा चौक पर हर समय वाहनों का तांता लगा रहता है। यहां कम से कम दो यातायात पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। रविवार को भी दो पुलिस कर्मी मौके पर मौजूद थे। वाहनों का तांता लगने के कारण जाम की स्थिति बनी हुई थी। यातायात पुलिस कर्मी वाहनों को निकालने में व्यस्त थे, लेकिन ट्रिपल राइडिंग करने वाले वाहनों के बीच से होते हुए भी अपने गंतव्यों की ओर बढ़े जा रहे थे।
क्या कहना है एएसपी का
एएसपी राकेश सिंह ने कहा कि पुलिस समय-समय पर अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को सबक सिखाती है। सड़क हादसों को कम करने के लिए जल्द ही विशेष अभियान के तहत ड्राइविंग लाइसेंस, हेल्मेट की अनिवार्यता और ट्रिपल राइडिंग को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। एएसपी ने कहा कि छानबीन में पता चला है कि बारिश की वजह से रोटरी चौक पर तैनात कर्मी साथ वाली दुकान में खड़ा था। वह दुकान में खड़ा रहकर पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए था।
हादसों से भी नहीं लिया सबक
वर्ष 2013 में अंब उपमंडल मुख्यालय के समीप पक्का परोह में बाइक पर ट्रिपल राइडिंग करते हुए युवक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक के नीचे जा घुसे थे। इससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, 6 मई 2013 को क्षेत्र के पंडोगा में एक ही बाइक पर सवार चार युवक बाइक के पुली के साथ टकराने से गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षमता से अधिक लोगों को बाइक पर बिठाने के चलते यह हादसा पेश आया था।
