
रामपुर बुशहर। झाकड़ी से आगे आर्मी कैंप के पास मोटरसाइकिल और ट्रक आपस में टकरा गए। इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। खनेरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों युवकों को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक मोटरसाइकिल नंबर पीबी-70ए-9361 की आर्मी कैंप के पास ट्रक के साथ भिड़ंत हो गई। शनिवार शाम हुए हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार हमीर चंद और किशोर निवासी पानवी (किन्नौर) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों युवकों को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद दोनों को उपचार के लिए शिमला रेफर किया गया। बताया जाता है कि दोनों को टांगों समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगी है। एसपी शिमला अभिषेक दुल्लर ने सड़क हादसे में युवकों के जख्मी होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की तफ्तीश की जा रही है। झाकड़ी पुलिस थाना प्रभारी मंगत राम मामले की तफ्तीश कर रहे हैं। बताया जाता है कि बाइक सवार गलत दिशा में जा रहे थे। इस कारण यह हादसा हुआ। लेकिन असलियत क्या रही है, इसके बारे में जांच पड़ताल पूरी होने पर ही पता चलेगा।
