
जुब्बल (शिमला)। भाजपा मंडल जुब्बल कोटखाई ने कांग्रेस पर भाजपा कार्यकाल में शुरू हुए कार्यों का झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया है। मंडल ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि ठियोग-हाटकोटी सड़क पर जो कार्य चल रहा है, उसके लिए बजट की व्यवस्था भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही हो गई थी। इसके अतिरिक्त दस करोड़ रुपये से अधिक धन ठियोग-होटकोटी सड़क की मरम्मत पर पूर्व सरकार ने खर्च कर दिया था। कांग्रेस नेता लोगों को गुमराह करके लिए अब इसे भी अपनी उपलब्धि मान रहे हैं। मंडल अध्यक्ष लायक राम चौहान, महामंत्री उमेश शर्मा, उपाध्यक्ष ओमकार तेगटा, इंद्र चौहान, महामंत्री गोपाल जबैईक, मंडल प्रवक्ता राकेश शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष चेत राम आजाद, प्रताप चौहान, सचिव नरेंद्र छोटू चौहान, सचिव विजय लक्ष्मी, रेखा चौहान, रजनी सलाकटा सहित रीता चौहान ने बताया कि ठियोग-हाटकोटी सड़क का कार्य चीनी कंपनी को कांग्रेस कार्यकाल में ही दिया गया था। चीनी कंपनी सड़क को बनाने में नाकाम रही। इसके बाद पूर्व भाजपा सरकार ने टेंडर रद करवाया तथा सड़क निर्माण की फिर से डीपीआर तैयार करके विश्व बैंक को भेजी। इसके बाद तत्कालीन बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा के प्रयासों से सड़क को मरम्मत हेतु लोक निर्माण विभाग को सौंपा। सड़क के रखरखाव के लिए करोड़ों रुपये के बजट का प्रावधान भाजपा सरकार ने किया था। इसके अलावा कई ग्रामीण सड़कों को भी नाबार्ड के तहत पक्का करने के लिए बजट की व्यवस्था पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही की गई थी। जबकि, कांग्रेस सरकार जुब्बल कोटखाई नावर विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी कर रही है। क्षेत्र के विधायक सत्ता के नशे में मस्त हैं।
