भूस्खलन रोकने को ठोस कदम जल्द : जगत

सांगला (किन्नौर)। विस उपाध्यक्ष एवं विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि सांगला लिंक सड़क पर भूस्खलन रोकने को सरकार जल्द ठोस कदम उठाएगी। विधायक ने भूस्खलन क्षेत्र का जायजा भी लिया और रिकार्ड समय में सांगला सड़क की बहाली के लिए विभाग की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जिले के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका मकसद है। इस वर्ष सर्दी में अधिक बर्फबारी से सरकारी समेत निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा है। नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। सरकार ने राजस्व और बागवानी विभाग को आकलन के निर्देश दिए हैं। सरकार किन्नौर जिले को आपदा ग्रस्त घोषित कर चुकी है। इससे पहले विधायक ने सांगला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र तथा पशु औषधालय का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, निर्मल चंद्र नेगी, सरोज नेगी, प्रताप नेगी, रतन लाल नेगी, संदीप नेगी आदि मौजूद थे।

Related posts