
सोलन। परवाणू-शिमला फोर लेन सर्वे के बदलने की आस लगाए बैठे हजारों परिवारों के लिए बुरी खबर है। अब सर्वे नहीं बदलेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत परवाणू से कंडाघाट तक जमीन अधिग्रहण करने के लिए थ्रीए की प्र्रक्रिया 40 फीसदी पूरी कर ली है।
चिन्हित भूमि में निजी भूमि काफी है। वहीं अधिकांश सरकारी भूमि वाली 60 फीसदी जमीन की अधिग्रहण की प्रक्रिया इस माह तक पूरी हो जाएगी। प्रभावितों को मुआवजा राजस्व विभाग की तरफ से तय जमीनों के सर्किल रेट से अधिक मिलेगा। औसत कीमत से करीब पंद्रह से बीस फीसदी अधिक मुआवजा देने पर विचार किया जा रहा है। इसकी पुष्टि एसडीएम सोलन टाशी संडूप ने की है। उन्होंने बताया कि कैथलीघाट तक जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने का लक्ष्य मई अंत तक है। वहीं ग्लोबल टेंडर के लिए औपचारिकताएं खत्म करने का लक्ष्य अक्तूबर 2013 रखा गया है। एक बार थ्रीए प्रक्रिया पूरी होने के बाद सर्वे को बदला नहीं जा सकता है।
यह है थ्रीए प्रोसेस
01- एनएच एक्ट 1958 के तहत पहला कार्य अधिग्रहण के प्रारंभिक इरादे में आता है। इसमें खसरा नंबर का पता चलता है। इस प्रक्रिया के तहत 20 दिन के भीतर दावे आपत्तियां दर्ज करवाने की सूचना प्रकाशित की जाती है। आपत्ति वाले मामले को प्रशासन एनएच आथोरिटी को भेजता है।
02-दूसरी प्रक्रिया में ततीमा कटता है। इसमें पता चलता है कि किस जमीन का कितना हिस्सा निर्माण में आ रहा है। जिसका अधिग्रहण होना है। उसी के आधार पर राजस्व विभाग के अपना काम करते हुए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाती है।
03- तीसरी प्रक्रिया में अंतिम प्रकाशन होना होता है। जिसमें बताया जाता है कि इस ततीमा नंबर की भूमि का यह भाग अधिग्रहित किया जा रहा है। इसके बाद सर्वे में किसी तरह का बदलाव संभव नहीं हो सकता है।
अब तक 650 आपत्तियां
सोलन। एसडीएम के मुताबिक अब तक करीब 650 आपत्तियां दर्ज हुई हैं। निजी सुनवाई के बाद मामले एनएच प्राधिकरण को सौंपे जा चुके हैं। जिसमें प्रभावितों की सर्वे बदलने की मांग के अलावा कुछ अन्य मांगें भी शामिल थी।
डेढ़ साल में शुरू होगा काम!
अधिकारियों के मुताबिक करीब डेढ़ साल के भीतर परवाणू-शिमला एनएच को फोर लेन बनाने का काम शुरू हो सकता है। थ्रीए प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस मार्ग के निर्माण के ग्लोबल टेंडर का रास्ता साफ होगा।
मुहाल सोलन भूमि की औसत कीमत प्रति वर्ग मीटर।
दूरी कीमत
स्टेट हाइवे संग 9000
25 मीटर से कम 6750
25 मीटर से अधिक 4500
मुहाल सलोगड़ा भूमि की औसत कीमत प्रति वर्ग मीटर।
दूरी कीमत
एनएच संग 8400
25 मीटर से कम 6000
25 मीटर से बाहर 4200
नोट : अधिकारियों के मुताबिक यह कीमतें निर्धारित नहीं हैं। पंद्रह से बीस फीसदी या इससे अधिक मुआवजा औसत कीमत से बढ़ाकर दिया जा सकता है।
