
सोलन। शहर के बीचोंबीच पड़ने वाले वार्ड नंबर छह के बाशिंदों के लिए जल्द ही पार्किंग सुविधा मिलने वाली है। नगर परिषद ने पार्किंग निर्माण के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। करीब 60 से 70 वाहनों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। गर्ल्स स्कूल सोलन के साथ इसके लिए जगह का चयन किया गया है। परिषद के ईओ बीआर नेगी और मनोनीत पार्षद विशाल वर्मा ने वार्ड छह में दौरा कर जगह चिंहित की है। हालांकि चिंहित जगह किसी अन्य विभाग के नाम पर है। जगह को नप के नाम करवाने के लिए कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
चार वार्डों में हैं पार्किंग सुविधा
इससे पहले शहर के कुल 13 वार्डों में से चार वार्ड में पार्किंग बनाई गई है। जिसमें वार्ड नंबर 12, 10, 7 और 3 शामिल हैं। सभी वार्डों में करीब 300 से 450 वाहन तक खडे़ हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त शहर के सड़क के किनारे भी कई स्थान पार्किंग के लिए स्थान चिंहित किए गए हैं।
जल्द होगा पार्किंग निर्माण कार्य शुरू : वर्मा
इस बारे में नगर परिषद सोलन के मनोनीत पार्षद विशाल वर्मा ने बताया कि उन्होंने ईओ के साथ वार्ड का दौरा किया है। जगह चिंहित कर ली गई है। जल्द ही पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
