
ददाहू (सिरमौर)। पिछले 32 वर्षों से अधर में लटकी रेणुका बांध परियोजना के शीघ्र निर्माण में शुक्रवार को बांध प्रबंधन की ओर से एक महत्वपूर्ण प्रयास किया गया। इसके तहत बांध प्रबंधन के अधिकारियों ने ददाहू पंचायत के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर बैठक के दौरान निर्माण प्रक्रिया में आ रही बाधाओं पर विचार विमर्श किया।
शुक्रवार को रेणुका बांध परियोजना के कार्यालय में हुई इस विशेष बैठक की अध्यक्षता सीपीएस विनय कुमार ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेणुका बांध निर्माण के लिए केंद्रीय वन मंत्रालय की मंजूरी मिल चुकी है। इसमें कुल 25 पंचायतों में से 24 पंचायतों ने अपनी एनओसी बांध प्रबंधन को जारी की है।
इससे पूर्व बैठक में विनय कुमार ने ददाहू पंचायत की शर्तों पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि पंचायत को क्षेत्र के विकास को देखते हुए अविलंब अपना एनओसी पत्र बांध प्रबंधन को जारी कर देना चाहिए। उन्होंने ददाहू पंचायत की ओर से आई शर्तों बारे कहा कि ऐसी शर्तें बांध निर्माण की प्रक्रिया में बाधा पैदा कर रही हैं।
इससे पूर्व रेणुका बांध परियोजना प्रबंधन की ओर से एमडी डीके शर्मा स्पष्ट किया कि बांध प्रबंधन की ओर से हर हाल में सभी पंचायतों को उनके विकासात्मक कार्यों के लिए 10-10 लाख की राशि योजनाबद्घ तरीके से खर्च की जाएगी।
इससे पूर्व बैठक मेें रेणुका बांध प्रबंधन के जीएम बीके कौशल, एजीएम पीके कथूररिया, वरिष्ठ प्रबंधक एमएल भट्ी, जीएस राणा, आरपी वर्मा, सहायक अभियंता प्रदीप मेहरा, आरडी शर्मा, संदीप कुमार, अमिता चंदन, मितर सिंह तोमर सहित 25 पंचायतों के प्रधान तथा अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।
