एसडीएम ने किया बद्रीपुर में मौके का निरीक्षण

पांवटा साहिब(सिरमौर)। एसडीएम पांवटा श्रवण मांटा ने एनएच-72 पर बद्रीपुर के समीप पुरानी सिंचाई नहर स्थल का दौरा किया। मौके पर कोर्ट के आदेश पर सर्विस लेन बनाने का कार्य चल रहा है। इसके साथ पुरानी सिंचाई नहर व जल निकासी नाली है। किसान सभा ने नहर को पहले की भांति जारी रखने की मांग रखी थी।
हिमाचल किसान सभा पांवटा तहसील इकाई सचिव गुरविंद्र सिंह ने कहा कि दशकों पहले से इस स्थल से सिंचाई नहर जाती रही है लेकिन अब इसके अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। नवादा से एनएच-72 बद्रीपर क्षेत्र की तरफ नहर जाती है। पिछले कुछ वर्षों से बंद पड़ी है। किसान सभा पांवटा तहसील इकाई सचिव गुरविंद्र सिंह, नगर परिषद पांवटा कमेटी के पार्षद हेमंत शर्मा, प्रीतम सिंह, इंद्रजीत सिंह, सत्य प्रकाश व अमरिंद्र सिंह ने बताया कि सिंचाई नहर के समीप पेट्रोल पंप है। पिछले कुछ दिनों से कोर्ट के आदेशानुसार पेट्रोल पंप के लिए सर्विस लेन निर्माण कार्य चल रहा है।
किसान संघ व स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि योजना के तहत सर्विस लेन का निर्माण करवाना ठीक है लेकिन समीप से गुजर रही पुरानी सिंचाई नहर को बरकरार रखा जा सकें । नहर चलने पर सैकड़ों किसानों को सिंचाई सुविधा मिलती रही है। इस मौके पर किसान सभा सदस्य, स्थानीय व्यापारी व आईपीएच विभाग प्रतिनिधि भी मौजूद थे। बद्रीपुर चौक के समीप व्यापारियों ने जल निकासी नाली ठीक करवाने की भी मांग रखी है। नाली आगे से बंद होने पर पानी नालियों में ही सड़ रहा है जिससे मच्छरों की भरमार हो गई है। बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। इस बारे नप कमेटी व एनएच विभागीय अधिकारियों से शीघ्र जल निकाली नाली बनाने की मांग की है।
उधर, एसडीएम पांवटा श्रवण मांटा ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश पर बद्रीपुर के समीप पेट्रोल पंप को सर्विस लेन निर्माण (सड़क) कार्य हो रहा है लेकिन किसानों की मांग पर क्षेत्र से गुजरने वाली दशकों पुरानी सिंचाई नहर को भी पूर्व की भांति जारी रखने को कहा गया है।

Related posts