
नाहन (सिरमौर)। विकासात्मक कार्यों के लिए नाहन नगर परिषद के सदन में पारित किया गया 9 करोड़ की राशि का बजट ड्राफ्ट अभी तक नहीं बन पाया है। बीती 23 अप्रैल को नप ने उक्त बजट को पारित किया था। लगभग 18 दिनों के बाद भी अभी यह हाईप्रोफाइल बजट नप कार्यालय से शिमला नहीं पहुंच पाया।
विभागीय दाव पेंच तथा सुस्त कार्यप्रणाली इस लेट लतीफी का कारण माना जा रहा है, हालांकि सदन केे पटल में रखे गए इस बजट को तत्काल प्रभाव से विभागीय प्रक्रियाओं से बाहर निकाल कर शिमला भेजा जाना था ताकि निदेशालय तथा सरकार इस पर अपनी त्चरित कार्रवाई कर 9 करोड़ की राशि पारित कर सके। इस बजट राशि से नाहन शहर की सड़कों, पार्किंग व्यवस्था, नालों, डंगों सहित नप के अधीन आने वाली तीन दर्जन से अधिक सड़कों की टारिंग तथा पक्कीकरण की योजना पर कार्य होना था।
जानकारों का मानना है कि 18 दिनों के बाद भी बजट के फाइनल प्रारूप को न भेजा जाना समझ से परे है। निश्चित तौर पर निदेशालय में भी बजट फाइल को लंबी प्रक्रियाओं से गुजर कर आगे बढ़ना होगा जिससे ज्यादा समय की खपत होना लाजिमी है।
बाक्स….
बजट प्रारूप तैयार भेजने की तैयारी: ईओ
नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी की माने तो बजट के प्रारूप को तकनीकी जांच से गुजरना पड़ता है। इस प्रक्रिया में कागजी कार्रवाई में अधिक समय लगता है। फिलहाल 9 करोड़ की राशि प्राप्त करने के लिए बजट प्रारूप तैयार कर लिया गया है। इसे एक दो दिनों के भीतर निदेशालय तथा सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
