
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा से नाहन एनएच-72 मार्ग पर मालवा के समीप दो कारों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में एक निजी स्कूल पांवटा के तीन बच्चे घायल हो गए। घायलों को पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को दोपहर बाद स्कूल से छुट्टी के बाद विद्यार्थी पांवटा से पापा के साथ एक कार में सूरजपुर को रवाना हुए। इसी दौरान एक इंडिगो कार नाहन से पांवटा की तरफ आ रही थी। एनएच-72 पर मालवा इकाई के समीप दोनों कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में पांवटा से सूरजपुर जा रही कार में सवार तीन स्कूली बच्चे घायल हो गए। सूरजपुर निवासी कार चालक विनोद कुमार के पुत्र कार्तिक (17) और पुत्री कृतिका (13) तथा रितिका(8) पुत्री ऋषि प्रसाद निवासी सूरजपुर घायल हो गए। घायलों को पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। कृतिका के सिर में गंभीर चोट लगने पर टांके लगे है, जबकि कार्तिक के पैर में चोट है। उधर, डीएसपी पांवटा एनएस राठौर ने मामले की पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि घायलों को पांवटा अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया है। मामला दर्ज कर पुलिस टीम ने जांच शुरु कर दी है।
