सुधरेगी सर्कुलर रोड, संजौली ढली बाईपास की हालत

शिमला। लंबे समय से टारिंग न होने की वजह से खस्ताहाल शहर के सर्कु लर रोड और संजौली ढली बाईपास की हालत सुधरेगी। लोक निर्माण विभाग ने इन सड़कों की टारिंग का कार्य आवंटित कर दिया है। करीब चार साल बाद खस्ताहाल सड़कों की टारिंग हो रही है। विभाग कहीं खुद तो कहीं ठेके पर काम करवा रहा है। संजौली ढली बाईपास सड़क पर काम जारी है। यहां एक किलोमीटर की टारिंग की जा चुकी है। शनिवार को मौसम ठंडा होने की वजह से कार्य बाधित रहा। रविवार को मौसम साफ रहा तो यहां टारिंग का काम किया जाएगा। विभाग ने विक्ट्री टनल से ताराहाल तक टारिंग शुरू कर दी है। इसके आगे टारिंग से पहले पैच वर्क का काम किया जा रहा है। बैरियर से छोटा शिमला तक सात किलोमीटर सड़क की टारिंग के कार्य को मौसम साफ रहने पर एक या दो दिन के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। इस कार्य को ठेके पर करवाया जा रहा है। विभाग संजौली ढली बाईपास की सड़क पर पैच वर्क का काम करवा चुका है, यहां टारिंग का काम जारी है। छोटा शिमला से ढली टनल तक पैच वर्क के कार्य को भी विभाग करवा चुका है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक राज ने बताया कि शहर के सर्कुलर रोड के साथ ही संजौली ढली बाईपास की सड़क को इस बार हर हाल में दुरुस्त किया जाएगा। चूंकि इसमें पिछले कई साल से टारिंग नहीं हो सकी थी, इसलिए विभाग इस बार इन सड़कों की टारिंग के कार्य को हर हाल में जून से पहले पूरा करवाने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि इन सड़कों में कुछ कार्य विभाग अपने स्तर पर तो कुछ ठेके पर करवा रहा है।

Related posts