मंडी में बारिश और तूफान ने मचाया कहर

मंडी। जिले में बारिश तथा तूफान ने भारी कहर बरपाया। अचानक मौसम के बदले मिजाज से लोगाें को गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन तेज आंधी-तूफान ने कई जगह तबाही मचाई। जिले के सरकाघाट, धर्मपुर, नेरचौक तथा बरोट में बारिश तथा तूफान से एक ओर जहां फसलों को लाखों का नुकसान हो गया। वहीं कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
सरकाघाट की झंझैल पंचायत में तेज तूफान से आम का एक पेड़ टूट कर मकान पर गिर गया। इस हादसे में स्लेटपोश मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार सोहन सिंह पुत्र मिनका राम के तीन कमराें के स्लेटपोश मकान पर साथ ही खड़ा पुराने आम का पेड़ गिर गया, लेकिन पेड़ के टूटने की आवाज होते ही परिवार के सदस्य तत्काल घर से बाहर भाग निकले। पंचायत प्रधान पवन ठाकुर ने घटनास्थल का जायजा लिया। नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व अधिकारी रवाना हो गए हैं। तहसीलदार पवन शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
वहीं बरोट पंचायत के खलैल गांव में तेज तूफान ने कई घरों को नुकसान पहुंचाया। यशवीर पुत्र पुना राम तथा रूपणी पुत्र जसवंत के मकान की छत तूफान से उखड़ गई। घटना में करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। इसके अलावा स्थानीय प्राथमिक पाठशाला एवं स्थानीय धर्मेंद्र के शौचालय की चादरें उखड़ गईं, जबकि रिफा राम और गुलाबा राम के मकान की चादर की छतें उखड़ गईं। बरोट पंचायत प्रधान चमेल सिंह ने सूचना मिलने पर मौकास्थल का जायजा लिया।
बारिश तथा अंधड़ से गेहूं की फसल को भी लाखों का नुकसान पहुंचा। बल्हघाटी के गागल, सिहन, सकरोहा, चक्का, नागचला, लूणापानी, नेरढांगू, घरवासड़ा, कसारला, साई, डडौर, स्टोह तथा सरकाघट में बारिश तथा तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। सरकाघाट से किसानों नरपत राम, हरी राम, नरेश कुमार, लाल सिंह, ध्यान सिंह, रोशन लाल, नानक चंद तथा बल्ह के विभिन्न भागों से सत्य ठाकुर, देशराज, धर्मपाल, लेखराज, धन देव व गागल से हेम सिंह आदि ने बताया कि बारिश से सैकड़ों क्विंटल गेहूं भीग गई है। उधर, सरकाघाट से कृषि विशेषज्ञ डा. एसआर पंत ने बारिश से गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचने की पुष्टि की है।

Related posts